Black Jon - 4 in Hindi Thriller by Shaziya Khan books and stories PDF | ब्लैक ज़ोन: द लॉस्ट वर्ल्ड - 4

Featured Books
Categories
Share

ब्लैक ज़ोन: द लॉस्ट वर्ल्ड - 4

एपिसोड 4: खूनी घेरा (The Blood Ring)


झाड़ियों से निकले उन तीनों चालाक शिकारियों ने जैसे ही एक साथ हवा में छलांग लगाई, डॉ. क्रिस ने पूरी ताकत से जॉन और कैथी को ज़मीन पर धक्का दे दिया। तीनों रेप्टर्स उनके सिर के ऊपर से निकलते हुए रेत पर जा गिरे। उनके नुकीले पंजे हवा में ही लहरा कर रह गए।


"भागो! उस ढलान की तरफ!" क्रिस चिल्लाए।
सामने कटीली झाड़ियों के बीच एक ढलानदार रास्ता था। तीनों बिना पीछे मुड़े उस कटीली झाड़ी के बीच से भागने लगे। कटीले तारों जैसे पौधे उनके कपड़ों को फाड़ रहे थे और हाथों पर खरोंचें आ रही थीं, लेकिन पीछे आ रही मौत के डर से कोई रुकने को तैयार नहीं था।


वे शिकारी आम जानवरों जैसे नहीं थे; वे आपस में संवाद कर रहे थे। एक दाईं तरफ से पेड़ के पीछे भागा, दूसरा बाईं तरफ से, और तीसरा सीधा उनके पीछे आ रहा था। वे डॉक्टर परिवार को एक जाल में घेर रहे थे।
"डैड, आगे रास्ता बंद है!" जॉन ने हांफते हुए कहा।
सामने कंक्रीट की एक बहुत बड़ी, पुरानी दीवार थी जो पूरी तरह से जंगली बेलों और काई से ढकी हुई थी। यह वही सत्तर के दशक की पुरानी मिलिट्री लैब का बाहरी हिस्सा था। दीवार इतनी ऊंची थी कि उसे लांघना नामुमकिन था। वे पूरी तरह फंस चुके थे।
तभी उनके बाईं तरफ की झाड़ी टूटी और पहला शिकारी बाहर निकला। उसके मुंह से लार टपक रही थी और वह अपने पिछले पैर के नुकीले नाखून को ज़मीन पर रगड़ रहा था, मानो हमला करने का सही पल देख रहा हो। कैथी ने डर के मारे आँखें बंद कर लीं और जॉन ने जड़ी-बूटी वाले बैग को अपने सीने से कसकर चिपका लिया।


क्रिस ने ज़मीन से एक जलती हुई लकड़ी उठाई (जो बिजली गिरने से गिरे एक पेड़ के तने में सुलग रही थी)। उन्होंने उस सुलगती लकड़ी को शिकारी के चेहरे के सामने लहराया। आग को देखकर वह जीव दो कदम पीछे हटा, लेकिन तभी उसके बाकी दो साथी भी दाईं और पीछे की तरफ से बाहर निकल आए। घेरा पूरा हो चुका था।


"जॉन... कैथी... दीवार के कोने में देखो, वहाँ एक वेंटिलेशन शाफ्ट (हवा आने का रास्ता) है!" क्रिस ने अपनी आँखें उन जीवों पर टिकाए हुए धीमी आवाज़ में कहा। "उसका लोहे का जाल जंग खा चुका है। जॉन, तुम उसे तोड़ सकते हो।"


जॉन ने तुरंत दीवार के कोने में जाकर उस लोहे के जंग लगे जाल को अपने दोनों हाथों से खींचा। चरमराकर... लोहे का वह पुराना फ्रेम उखड़ गया। अंदर एक अंधेरी और संकरी सुरंग जैसी जगह थी।


"मॉम, अंदर जाओ! जल्दी!" जॉन ने कैथी को अंदर धकेला।


ठीक उसी पल, बीच वाले शिकारी ने क्रिस पर हमला कर दिया। क्रिस ने जलती हुई लकड़ी सीधा उसके चेहरे पर दे मारी। आग की लपटों से घबराकर वह जीव पीछे हटा, लेकिन दाईं तरफ वाले दूसरे शिकारी ने क्रिस के पैर पर अपने नुकीले पंजे से वार कर दिया।


"आह!" क्रिस के मुंह से एक चीख निकली और वे घुटनों के बल ज़मीन पर गिर पड़े। उनके पैर से खून का फव्वारा छूट पड़ा।


"डैड!" जॉन सुरंग से आधा बाहर निकला और उसने अपनी पूरी ताकत से एक भारी पत्थर उठाकर उस शिकारी के सिर पर दे मारा। निशाना सटीक था, जीव लड़खड़ाकर पीछे हटा।


क्रिस ने अपनी चोट की परवाह किए बिना अपनी पूरी ताकत लगाई और खुद को घसीटते हुए उस वेंटिलेशन शाफ्ट के अंदर खींच लिया। जॉन ने तुरंत अंदर आकर लोहे के भारी फ्रेम को वापस अपनी जगह पर खींच लिया और उसे एक मज़बूत लोहे की रॉड से लॉक कर दिया।


धाड़! धाड़! धाड़!


बाहर से उन जीवों ने लोहे के जाल पर अपने सिर और पंजे मारने शुरू कर दिए। लोहे की सलाखें उनके प्रहार से मुड़ रही थीं, लेकिन वे अंदर नहीं आ पा रहे थे। कुछ देर की कोशिश के बाद, बाहर खामोशी छा गई। वे समझ चुके थे कि शिकार अब उनके हाथ से निकल चुका है।


सुरंग के अंदर पूरी तरह अंधेरा और सन्नाटा था। जॉन ने अपनी वाटरप्रूफ टॉर्च जलाई। रोशनी में उन्होंने देखा कि वे एक बहुत बड़े, धूल से भरे कॉरिडोर (गलियारे) में थे, जहाँ दीवारों पर पुरानी मिलिट्री मशीनें और कंप्यूटर लगे थे जो सालों से बंद पड़े थे।


"क्रिस! तुम्हारा पैर..." कैथी ने रोते हुए अपने स्कॉफ से क्रिस के घाव को कसकर बांधा। खून अभी भी रुक नहीं रहा था।


क्रिस ने दर्द से कराहते हुए कहा, "मेरे पास ज़्यादा वक्त नहीं है, कैथी। उस शिकारी का ज़हर या इन्फेक्शन मेरे शरीर में फैल रहा है। हमें तुरंत इस लैब का कंट्रोल रूम ढूंढना होगा... वहाँ शायद कोई इमरजेंसी रेडियो मिल जाए।"


तभी अचानक, उस बंद और वीरान बेसमेंट की छत पर लगे पुराने स्पीकर से एक कड़वाहट भरी आवाज़ गूंजी... क्रैकर... क्रैक... जैसे कोई पुराना टेप अपने आप चालू हो गया हो।


उस आवाज़ ने कहा: "अगर आप यह मैसेज सुन रहे हैं... तो तुरंत यहाँ से भाग जाएं। वे आ रहे हैं।" (जारी है )
लेखक _समीर खान