Reincarnated as villainess in Hindi Fiction Stories by Fictional world books and stories PDF | खलनायिका के रूप में पुनर्जन्म - 5

Featured Books
Categories
Share

खलनायिका के रूप में पुनर्जन्म - 5

ईथन के घर की उस टूटी हुई चौखट से दुत्कारे जाने के बाद, बेला का दिल बैठा जा रहा था। वह पूरे रास्ते रोल्स-रॉयस के मखमली बैक-सीट पर सिसकती रही। जब गाड़ी वेंडरबिल्ट एस्टेट के विशाल सोने के फाटकों को पार कर अंदर रुकी, तो वह उदास मन से बाहर निकली। वह खुद को इस नई दुनिया और ईथन की आँखों में जलती उस नफरत के बीच फंसा हुआ महसूस कर रही थी।
जैसे ही उसने हवेली के मुख्य शीशे के दोहरे दरवाजों में कदम रखा, एक ऐसी आवाज़ गूंजी जिसने उसके कदमों को रोक दिया।
"मेरी बच्ची! केट, तुम सुबह-सुबह कहाँ चली गई थीं?"
बेला ने चौंककर ऊपर देखा। सीढ़ियों से एक बेहद शालीन और अमीर दिखने वाली महिला नीचे आ रही थी, जिसके पीछे एक रोबीला, सूट-बूट पहने अधेड़ उम्र का पुरुष था। वे कोई और नहीं, केट के माता-पिता—आर्थर और हेलेन वेंडरबिल्ट थे।
हेलेन ने तुरंत बेला को गले से लगा लिया। उनकी बाहों में एक ऐसी गर्माहट थी, जिसे बेला ने कभी महसूस नहीं किया था। अपनी असली जिंदगी में बेला एक अनाथ थी। उसने कभी माता-पिता का प्यार नहीं जाना था। कोई उसके लिए परेशान होने वाला नहीं था। लेकिन यहाँ, इस क्रूर विलेन के माता-पिता उसकी फिक्र में डूबे हुए थे। हेलेन ने उसके गालों को चूमा, "तुम ठीक तो हो ना? देखो, तुम्हारे पिता तुम्हारे लिए क्या लाए हैं।"
आर्थर आगे बढ़े और उन्होंने बेला के सिर पर हाथ रखा। "तुम कल कह रही थीं कि तुम बोर हो रही हो। इसलिए मैंने तुम्हारे वकीलों को कहकर शहर के सबसे महंगे वीआईपी जोन में कुछ नई प्रॉपर्टीज और जमीनें तुम्हारे नाम करवा दी हैं।" उन्होंने चांदी की एक थाल उसकी तरफ बढ़ाई, जिसमें कागजातों का ढेर, चमचमाती हीरे की ज्वैलरी के सेट और कई ब्लैक अनलिमिटेड क्रेडिट कार्ड्स रखे थे।
"और हाँ," आर्थर मुस्कुराए, "बाहर गैराज में देखो।"
बेला ने खिड़की से बाहर झांका। गैराज में तीन नई, कस्टमाइज्ड सुपरकार्स खड़ी थीं, जिनकी कीमत करोड़ों में थी। उसकी टेबल पर पड़े उन अनलिमिटेड कार्ड्स की चमक देखकर बेला के होश उड़ गए।
बेला उन चाबियों और कार्ड्स को अपनी उंगलियों से छूने लगी। उसका दिल पागल हो रहा था।
उसकी पुरानी जिंदगी... जहाँ रातों को कनविनिएंट स्टोर में बक्से उठाते-उठाते उसकी कमर टूट जाती थी। जहाँ सिर्फ एक वक्त का ढंग का खाना खाने के लिए उसे दिन-रात एक करना पड़ता था। ठंड के दिनों में जब उसकी स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो जाता था, तो वह पांच रुपये बचाने के लिए पैदल चलती थी। और आज? उसके एक इशारे पर करोड़ों की गाड़ियाँ और अनलिमिटेड दौलत उसके पैरों में बिछी थी।
वह खुद पर काबू नहीं रख पाई। उसने केट के मां बाप को कसकर गले लगा लिया। 
आप सच में महान पेरेंट्स है।
और अपने हाथों में गाड़ी की चाबियां ओर कार्ड्स और जो भी उसके हाथ आया उसे लेकर अपने कमरे में खुशी खुशी चली गई।
वह बेड पर गिरकर पागलों की तरह हंसने लगी। "पैसा... इतना पैसा! मुझे अब उस नौकरी पर नहीं जाना होगा। मुझे किसी की गालियां नहीं सुननी होंगी! मैं अमीर हूँ!" वह खुशी के मारे अपने कमरे में नाचने लगी, उन हीरों को अपने गले से लगाकर शीशे में खुद को देखने लगी। वह भूल गई कि वह केट है, वह बस इस बात का जश्न मना रही थी कि उसकी फूटी किस्मत रातों-रात राजाओं जैसी हो चुकी थी।
लेकिन तभी... शीशे में अपनी आँखों को देखते ही उसका जश्न थम गया।
कमरे की हवा अचानक ठंडी हो गई। हीरे का वह कीमती हार उसके गले में किसी फंदे की तरह चुभने लगा।
5 साल... सिर्फ 5 साल।’
वेब-नॉवेल के उस सीक्वल का प्रोमो उसके दिमाग में किसी सायरन की तरह गूंज उठा। ईथन... जो आज तो एक टूटे हुए घर में गया है, लेकिन ठीक  पांच साल बाद वह एक ऐसा राक्षस बनकर लौटेगा जिसके सामने यह वेंडरबिल्ट साम्राज्य एक ताश के महल की तरह ढह जाएगा। और वह इसी आलीशान कमरे में, इसी सिल्क के बिस्तर से घसीटकर उसे ले जाएगा और तड़पा-तड़पा कर मार डालेगा।
"नहीं... मैं इतनी जल्दी नहीं मर सकती। मुझे अभी-अभी यह जिंदगी मिली है। मुझे अभी-अभी माँ-बाप का प्यार मिला है!" बेला का पूरा बदन डर के मारे थर-थराने लगा। उसकी रूह कांप गई। इस बेहिसाब पैसे और ऐशो-आराम का क्या फायदा, अगर पांच साल बाद उसका गला रेत दिया जाना था?
वह समझ गई कि ईथन को जेल से निकालना काफी नहीं था। ईथन के दिल में जो नफरत के अंगारे सुलग रहे हैं, उन्हें बुझाना होगा। उसे ईथन का दिल जीतना ही होगा। अगर वह इस दौलत को बचाना चाहती है, अगर वह अपनी जान बचाना चाहती है, तो उसे केट की उस क्रूर छवि को ईथन के दिमाग से पूरी तरह मिटाना होगा।
बेला ने अपनी आँखों के आंसू पोंछे और उन अनलिमिटेड क्रेडिट कार्ड्स को कसकर पकड़ लिया।
"ईथन... तुमने मुझसे कहा था ना कि तुम मुझसे नफरत करते हो? मैं तुम्हारी इस नफरत को घुटनों पर लेकर आऊंगी। मैं अपनी इस पूरी दौलत का इस्तेमाल तुम्हें बर्बाद करने के लिए नहीं, बल्कि तुम्हें यह दिखाने के लिए करूंगी कि मैं वो केट नहीं हूँ।"
उसने अपनी नौकरानी को आवाज दी, "मेरी साधारण वाली कार तैयार करो। और पता लगाओ कि ईथन को इस वक्त सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है। हम दोबारा उसके पास जा रहे हैं।"
हवेली की सीढ़ियों से नीचे उतरते वक्त बेला का दिमाग किसी सुपरकंप्यूटर की तरह चल रहा था। वह केट के वकीलों और मैनेजरों की लिस्ट देख रही थी कि अचानक उसके दिमाग के किसी अंधेरे कोने में सोई हुई एक पुरानी याद बिजली की तरह कौंधी।
उसका पूरा शरीर वहीं जड़ हो गया। हाथ में पकड़ा हुआ कीमती आईपैड मखमली कालीन पर जा गिरा।
"नहीं... नहीं, नहीं! मैं यह कैसे भूल सकती हूँ!" बेला का चेहरा खौफ के मारे पूरी तरह सफेद पड़ गया।
उसे वेब-नॉवेल के मूल भाग (Original Volume 1) का वह बदनाम अध्याय याद आ गया। मूल कहानी में, ईथन जेल से इतनी जल्दी बाहर नहीं आया था। लेकिन जब उसे बेल मिली थी, तो केट का घमंड चूर-चूर हो गया था। उसे यह बर्दाश्त नहीं था कि उसका पालतू गुलाम उसकी मर्जी के बिना सलाखों से बाहर घूम रहा है। तब क्रूर केट ने एक खौफनाक फैसला लिया था। उसने शहर के सबसे बेरहम अंडरवर्ल्ड गैंग—'द रेड डैगर्स' को सुपारी दी थी।
नॉवेल की पंक्तियाँ बेला की आँखों के सामने तैरने लगीं: ‘उस रात, ईथन अपनी टूटी हुई बस्ती के पीछे वाले सुनसान इंडस्ट्रियल यार्ड से गुजर रहा था, जब केट के भेजे हुए बीस हथियारबंद गुंडों ने उसे घेर लिया। वह लड़ाई नहीं, एक कत्लेआम था...’
बेला का दम घुटने लगा। उसने अपनी कलाई पर बंधी रोलेक्स घड़ी देखी। शाम के सात बजने वाले थे। नॉवेल के हिसाब से यह हमला ठीक उसी वक्त होना था जब सूरज पूरी तरह ढल जाता है और उस सुनसान कारखाने के इलाके में स्ट्रीट लाइट्स भी काम नहीं करतीं।
"मैनेजर!" बेला ज़ोर से चिल्लाई। उसकी आवाज़ में केट का घमंड नहीं, बल्कि एक तड़प और खौफ था।
"जी, लेडी केट?" एक अधेड़ उम्र का आदमी हाँफता हुआ दौड़ा आया।
"मेरी कस्टमाइज्ड बुलेटप्रूफ एसयूवी की चाबी लाओ! और हमारे पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड्स की पूरी फ्लीट को तैयार करो! उन्हें कहो कि अपनी गाड़ियाँ सीधे ओल्ड मिल रोड के कबाड़खाने (स्क्रैपयार्ड) की तरफ दौड़ाएं! एक सेकंड की भी देरी नहीं होनी चाहिए!"
मैनेजर हैरान रह गया, "पर लेडी केट, उस खतरनाक इलाके में इस वक्त—"
"मैंने कहा ना तुरंत!" बेला की दहाड़ सुनकर मैनेजर बिना कोई सवाल किए चाबी लेने भागा।
बेला ने चाबी झपटी और अपने माता-पिता के रोकने से पहले ही हवेली के दरवाज़े को चीरती हुई बाहर निकल गई। गाड़ी स्टार्ट करते ही उसने एक्सीलेटर पर पैर जमा दिया। वी-8 इंजन दहाड़ उठा और गाड़ी वेंडरबिल्ट एस्टेट के सोने के फाटकों को तोड़ती हुई सड़क पर हवा से बातें करने लगी।