आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) छात्रों की स्वाभाविक इंटेलिजेंस ख़त्म कर रही है |
तकनीक को इंसान की मदद के लिए बनाया गया है, उसकी सोच की जगह लेने के लिए नहीं। शिक्षा का उद्देश्य केवल सही उत्तर प्राप्त करना नहीं, बल्कि सोचने, तर्क करने, प्रश्न पूछने और अपनी बात स्वयं व्यक्त करने की क्षमता विकसित करना भी है। डिजिटल शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता प्रयोग आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में एक गंभीर बहस का विषय बन गया है। यह तकनीक छात्रों को हर सवाल का जवाब पल भर में दे देती है, जिससे उनकी रचनात्मकता (Creativity) और मौलिकता (Originality) पर गहरा असर पड़ रहा है।जब छात्रों को हर प्रोजेक्ट, निबंध और गृहकार्य का समाधान 'पका-पकाया' मिल जाता है, तो उनकी सोचने और समझने की क्षमता कम होने लगती है। पहले छात्र किसी समस्या का हल ढूंढने के लिए किताबों को टटोलते थे, दिमाग पर जोर देते थे और खुद के अनूठे विचार विकसित करते थे। यह प्रक्रिया उनकी रचनात्मकता को निखारती थी। लेकिन आज, AI टूल्स के कारण वे खुद प्रयास करने के बजाय तकनीक पर निर्भर होते जा रहे हैं।यदि सब कुछ मशीनें ही तैयार करके देंगी, तो छात्रों की अपनी मौलिकता पूरी तरह गायब हो जाएगी। वे केवल जानकारी के उपभोक्ता बनकर रह जाएंगे, न कि नए विचारों के निर्माता। शिक्षा का असली उद्देश्य केवल उत्तर पाना नहीं, बल्कि जिज्ञासा पैदा करना और समस्या सुलझाने का कौशल (Problem-solving skills) सीखना है।अतः, डिजिटल शिक्षा और AI का उपयोग केवल एक सहायक उपकरण के रूप में होना चाहिए, न कि मानवीय सोच और मौलिक विचारों के विकल्प के रूप यदि शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों में जिज्ञासा और मौलिकता को जीवित रखेंगे, तभी डिजिटल शिक्षा का सही लाभ मिल पाएगा।हालाँकि, AI को पूरी तरह नकारना भी उचित नहीं है। यह एक उपयोगी सहायक साधन है। विद्यार्थी इसका प्रयोग कठिन अवधारणाओं को समझने, नए विचारों की जानकारी लेने, भाषा सुधारने और अपनी गलतियों को पहचानने के लिए कर सकते हैं। लेकिन अंतिम उत्तर तैयार करने और समझने का कार्य स्वयं करना चाहिए।हमें यह समझना होगा कि तकनीक हमारा सहायक हो सकती है, हमारी सोच का स्थान नहीं ले सकती। विद्यार्थियों को पहले स्वयं प्रयास करना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर AI की सहायता लेनी चाहिए। इस प्रकार वे तकनीक का लाभ उठाने के साथ-साथ अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और समस्या-समाधान की क्षमता भी बनाए रख सकते हैं।अतः AI का सही उपयोग वही है जो विद्यार्थी को निर्भर नहीं, बल्कि अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाए। आर्टिफीसियल इंटेलेजन्स के कारण नौकरियों पर संकट मंडरा रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल मजदूरों की ही नहीं, बल्कि डॉक्टर, वकील, शिक्षक और अकाउंटेंट जैसी पेशेवर नौकरियों पर भी असर डाल रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित डेटा विश्लेषण और निगरानी से व्यक्तिगत गोपनीयता और नैतिकता को खतरा पैदा हो सकता है। कई बार कंपनियाँ उपयोगकर्ताओं की जानकारी को बिना उनकी अनुमति के एकत्रित कर लेती हैं, जिससे उनके निजी जीवन में हस्तक्षेप बढ़ जाता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित मशीनें केवल डेटा के आधार पर निर्णय लेती हैं और उनमें सहानुभूति या नैतिक सोचने की क्षमता नहीं होती, जिससे वे सही और गलत के बीच के सूक्ष्म अंतर को नहीं समझ सकतीं। यदि आर्टिफीसियल इंटेलेजन्स प्रणाली पूरी तरह से निर्णय लेने लगें, तो यह मानवता के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकता है, क्योंकि इसमें मानवीय संवेदनशीलता और नैतिकता का अभाव होता है।आर्टिफीसियल इंटेलेजन्स पर आधारित तकनीकों का दुरुपयोग करके साइबर अपराधी गोपनीय सूचनाओं की चोरी कर सकते हैं, जिससे राष्ट्रीय और व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि आर्टिफीसियल इंटेलेजन्स का विकास अनियंत्रित रहा, तो भविष्य में यह मानवता के लिए घातक हो सकता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित रोबोट्स और स्वचालित हथियारों के विकास से वैश्विक युद्ध का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए, हमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास और उपयोग में संतुलन बनाए रखना होगा। इसका विकास केवल तकनीकी दक्षता के आधार पर नहीं, बल्कि नैतिकता, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक कल्याण को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। सरकार, वैज्ञानिकों और समाज को मिलकर ऐसी नीतियाँ बनानी चाहिए, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता को नियंत्रित और नैतिक रूप से विकसित करने में सहायक हों।